गुवाहाटी, 27 फरवरी मद्रास विश्वविद्यालय के पोल वॉल्ट खिलाड़ी एम गौतम, चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय की भाला फेंक खिलाड़ी ज्योति और पंजाब विश्वविद्यालय की मध्यम दूरी की धाविका अमनदीप कौर ने मंगलवार को यहां खेलो इंडिया विश्वविद्यालय खेलों (केआईयूजी) में एथलेटिक्स स्पर्धाओं के अंतिम दिन नए प्रतियोगिता रिकॉर्ड बनाए।
आइजोल में आशिफ पीए के 85वें मिनट में दागे गोल की मदद से कालीकट विश्वविद्यालय ने केरल विश्वविद्यालय को 2-1 से हराकर पुरुष फुटबॉल का स्वर्ण पदक जीता।
अन्नामलई विश्वविद्यालय ने गुरू नानक देव विश्वविद्यालय को टाईब्रेक में 3-2 से हराकर महिला फुटबॉल का स्वर्ण पदक जीता। गुवाहाटी में नियमित समय के बाद दोनों टीम गोल रहित बराबर थीं।
प्रतियोगिता में दो दिन बाकी हैं और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय 24 स्वर्ण, 16 रजत और 16 कांस्य के साथ शीर्ष पर चल रहा है।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी 13 स्वर्ण, 12 रजत और तीन कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर है।
पोल वॉल्ट में गौतम ने पांच मीटर के सफल प्रयास के साथ खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। पिछला रिकॉर्ड कोट्टयम के महात्मा गांधी विश्वविद्यालय के सिद्धार्थ एके के नाम था जो 4.90 मीटर का था।
महिला भाला फेंक में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय की दीपिका ने 50.14 मीटर के खेलों के पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर ज्योति को दबाव में डाल दिया था। ज्योति ने हालांकि अपने चौथे प्रयास में 53.16 की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीत लिया।
महिला 800 मीटर दौड़ में अमनदीप ने दो मिनट 11.27 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता और खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY