जम्मू, पांच फरवरी जम्मू में गटारू गिरोह के सरगना सुमित जंडियाल की दिनदहाड़े हत्या के आरोप में दो किशोरों सहित ग्यारह लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि सुमित की हत्या दूसरे गिरोह के साथ प्रतिद्वंद्विता के चलते की गयी थी।
उसने बताया कि भारत के बाहर से अपराध को अंजाम देने वाले मुख्य साजिशकर्ता की भी पहचान कर ली गई है तथा उसे प्रत्यर्पित करने के प्रयास जारी हैं।
जम्मू के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जोगिंदर सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि 21 जनवरी को जब जंडियाल ज्वेल चौक के पास एसयूवी में था तब उस पर कई चक्र गोलियां चलाई गईं।
एसएसपी ने बताया कि हमलावर अपनी कार छोड़कर, छीनी गई स्कूटी पर सवार होकर भाग गए।
उन्होंने बताया कि पुलिस की एक टीम ने जंडियाल को तुरंत जीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य आरोपी भी शामिल है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में शूटर, साजिशकर्ता, सह-आरोपी और अपराधियों को शरण देने वाले लोग शामिल हैं।
एसएसपी ने कहा, "मानवीय और तकनीकी खुफिया जानकारी तथा सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण के आधार पर हमलावरों की पहचान की गई।"
उन्होंने कहा कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।
एसआईटी ने लगभग 30 संदिग्धों को हिरासत में लिया और जम्मू, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में छापे मारे।
जांच से पता चला कि जंडियाल की हत्या उसके और सांबा के मंडी घरोटा के एक अन्य गैंगस्टर विकास स्लाथिया के बीच पुरानी रंजिश के कारण हुई थी।
एसएसपी ने कहा कि 2023 में रामगढ़ में स्लाथिया गिरोह द्वारा गटारू गिरोह के सदस्य अक्षय कुमार की हत्या के बाद दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY