देश की खबरें | गैंगस्टर विकास दुबे कथित मुठभेड़ में ढेर : छह पुलिसकर्मी भी घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कानपुर के बिकरू गांव में पिछले हफ्ते आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपी पांच लाख रुपये का इनामी बदमाश विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में राज्य पुलिस की एसटीएफ से हुई कथित मुठभेड़ में मारा गया।

कानपुर/लखनऊ, 10 जुलाई कानपुर के बिकरू गांव में पिछले हफ्ते आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का मुख्य आरोपी पांच लाख रुपये का इनामी बदमाश विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में राज्य पुलिस की एसटीएफ से हुई कथित मुठभेड़ में मारा गया।

एसटीएफ ने एक बयान में कहा कि दुबे को एसटीएफ के उपाधीक्षक तेज बहादुर सिंह के नेतृत्व में सरकारी वाहन से मध्य प्रदेश के उज्जैन से लाया जा रहा था। यात्रा के दौरान कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में कन्हैयालाल अस्पताल के सामने अचानक गाय भैंसों का एक झुंड सड़क पर आ गया। लंबी यात्रा से थके चालक ने हादसा टालने के लिए वाहन को अचानक मोड़ा जिससे वह अनियंत्रित होकर पलट गया।

यह भी पढ़े | अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन की घटनाओं में 7 लोगों की मौत, पीएम मोदी ने जताया दुख.

बयान के मुताबिक इस घटना में वाहन में बैठे पुलिस अधिकारी और कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए और क्षणिक रूप से बेहोशी में चले जाने की वजह से उनके साथ बैठा अपराधी विकास दुबे हालात का फायदा उठाते हुए घायल इंस्पेक्टर रमाकांत पचौरी की सरकारी पिस्टल निकालकर भागने लगा।

बयान के अनुसार इसकी जानकारी मिलने पर एसटीएफ के उपाधीक्षक तेज बहादुर सिंह और उनके साथियों ने दुबे का पीछा किया तो उसने पुलिस से छीनी गई पिस्तौल से गोलियां चलाई। दुबे को जिंदा पकड़ने की पूरी कोशिश की गई लेकिन वह पुलिस पर गोलियां चलाता रहा। एसटीएफ द्वारा आत्मरक्षा में चलाई गई गोली से दुबे घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़े | उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन के दौरान खुले रहेंगे सभी धार्मिक स्थल: 10 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

बयान के मुताबिक दुबे द्वारा की गई फायरिंग में एसटीएफ के मुख्य आरक्षी शिवेंद्र सिंह सेंगर और कांस्टेबल विमल यादव घायल हो गए हैं। उनका इलाज चल रहा है।

हालांकि इस घटना में पुलिस और एसटीएफ के कुल छह जवानों के घायल होने की सूचना है

अपर पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि इस घटना में एसटीएफ के 2 कमांडो, सिविल पुलिस के तीन उप निरीक्षकों और एक कांस्टेबल को गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज चल रहा है

उन्होंने बताया कि बिकरू कांड मामले में कुल 21 अभियुक्त नामजद है। इनमें से छह अभियुक्त मारे जा चुके हैं जबकि तीन अन्य गिरफ्तार किए गए हैं बाकी 12 आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दुबे के शव का तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम के बाद भैरव घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इसके पूर्व, कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कालेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉक्टर आर बी कमल ने बताया कि दुबे के शरीर पर चार घाव पाये गये थे जिसमें से तीन सीने पर और एक हाथ पर था। वह अस्पताल में पूरी तरह से मृत आया था ।

उन्होंने बताया कि दुबे का कोरोना टेस्ट करवाया गया जिसमें उसकी रिपोर्ट निगेटिव आयी।

विपक्षी दलों ने इस मुठभेड़ पर सवाल खड़े किए। बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर इस मुठभेड़ की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच कराने की मांग की

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मुठभेड़ पर सवाल उठाते हुए कहा कि 'दरअसल (दुबे को उज्जैन से ला रही) यह कार नही पलटी, राज खुलने से सरकार पलटने से बचाई गयी है।

हालांकि कानपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल ने साफ किया कि विकास दुबे उसी गाड़ी में सवार था, जिसमें वह उज्जैन से चला था। उसकी गाड़ी रास्ते में बदली नहीं गयी थी।

गौरतलब है कि दो-तीन जुलाई की दरमियानी रात को कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित बिकरू गांव में विकास दुबे को गिरफ्तार करने गयी पुलिस टीम पर उसके साथियों ने घात लगाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं जिसमें पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र मिश्रा समेत आठ पुलिसकर्मी मारे गए थे तथा छह अन्य घायल हो गए थे।

इसके बाद पुलिस के साथ हुई अलग अलग मुठभेड़ों में दुबे के गिरोह के पांच सदस्य मारे गये थे । तीन जुलाई की सुबह ही बिकरू गांव में हुई मुठभेड़ में प्रेम प्रकाश पांडेय और अतुल दुबे मारे गये थे। आठ जुलाई को हमीरपुर के मौदहा में पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश और विकास के खास अमर दुबे को मार गिराया था।

नौ जुलाई को कानपुर और इटावा में अलग अलग हुई मुठभेड़ों में कार्तिकेय उर्फ प्रभात कानपुर में जबकि प्रवीण उर्फ बउवा दुबे इटावा में हुई मुठभेड़ में मारे गये ।

जफर सलीम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\