जमशेदपुर (झारखंड), तीन अक्टूबर झारखंड के औद्योगिक नगर जमशेदपुर में दुर्गा पूजा पंडाल के पास बाइक सवार नकाबपोश बंदूकधारियों ने एक गैंगस्टर की गोली मारकर सोमवार को कथित तौर पर हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक (नगर) के विजय शंकर ने बताया कि 42 वर्षीय रंजीत सिंह करीब 15 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
उन्होंने बताया कि सिंह टेल्को इलाके में स्थित पंडाल में था जबकि उसकी 12 वर्षीय बेटी पास ही खड़ी कार में बैठी थी। दो बाइकों पर आए नकाबपोश व्यक्तियों ने बच्ची से पहले उसके पिता के बारे में पूछा और उसे गाड़ी से बाहर निकालने की कोशिश की।
जब बच्ची चिल्लाई तो सिंह कार के पास पहुंचा। तभी व्यक्तियों ने उसपर गोलीबारी कर दी।
इसके बाद उसे टाटा मेन अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसे तीन गोलियां मारी गई थीं। उसकी बेटी सुरक्षित है।
शंकर ने कहा, “ पूजा पंडाल में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, लेकिन पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बंदूकधारी अपनी बाइकों पर बैठकर भाग गए। हम इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रंजीत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वह अमरनाथ सिंह गिरोह का सदस्य था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY