कुशीनगर में जाली नोट के कारोबार में लिप्त गिरोह का भंडाफोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार
कुशीनगर जिले के कई थानों की पुलिस के एक साझा अभियान में जाली नोट के कारोबार में कथित रूप से शामिल 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और उनसे पांच लाख रुपये से ज्यादा के जाली नोट बरामद किये गए.
कुशीनगर (उप्र), 24 सितंबर : कुशीनगर जिले के कई थानों की पुलिस के एक साझा अभियान में जाली नोट के कारोबार में कथित रूप से शामिल 10 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया और उनसे पांच लाख रुपये से ज्यादा के जाली नोट बरामद किये गए. पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि आरोपियों से एक लाख रुपये से अधिक के भारतीय नोट भी बरामद किये गए.
कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘थाना तमकुहीराज, थाना तरयासुजान, थाना सेवरही और थाना साईबर के एक संयुक्त दल ने सोमवार को गिरोह को दबोच लिया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह गिरोह न केवल जाली नोट के कारोबार में शामिल था बल्कि उनके पास से भारी मात्रा में देशी अवैध असलहा, कारतूस व विस्फोटक भी बरामद किये गए.’’ उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद रफीक खान उर्फ बबलू खान, नौशाद खान, मोहम्मद रफी अंसारी, औरंगजेब उर्फ लादेन, शेख जमालुद्दीन, नियाजुद्दीन उर्फ मुन्ना, रेहान खान उर्फ सद्दाम, हासिम खान, सेराज हशमती और परवेज इलाही (सभी कुशीनगर जिले के निवासी) के रूप में हुई है. यह भी पढ़ें : Lucknow Horror: लखनऊ के सरोजिनी नगर में 5वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप, बदहवास नाबालिग को घर के बाहर फेंक गए दरिंदे
एसपी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से पांच लाख 62 हजार के जाली नोट, एक लाख 10 हजार रुपये के असली भारतीय नोट, तीन हजार रुपये के नेपाली नोट, 315 बोर के 10 अवैध तमंचे, 30 कारतूस, 12 खोखे, चार सुतली देशी बम, अपराध में प्रयुक्त 13 मोबाइल फोन, 26 फर्जी सिमकार्ड, 10 फर्जी आधार कार्ड, 10 एटीएम कार्ड व आठ लैपटॉप व अपराध में प्रयुक्त दो लक्जरी चार पहिया वाहन भी बरामद किये गए. उन्होंने बताया कि बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ थाना तमकुहीराज में जाली मुद्रा के कारोबार और हथियार अधिनियम व विस्फोटक पदार्थ अधिनियम में मामले दर्ज करके आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 24, 2024 03:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

