देश की खबरें | गलवान घाटी संघर्ष : शहीद सैनिक का पार्थिव शरीर बंगाल लाया गया
जियो

कोलकाता, 19 जून गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ झड़प में वीरगति को प्राप्त हुए सिपाही राजेश ओरांग का पार्थिव शरीर शुकवार सुबह पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बेलगोरिया गांव लाया गया जहां सैकड़ों लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़ पड़े।

ओरांग उन 20 भारतीय सैनिकों तथा पश्चिम बंगाल के उन दो सैनिकों में से एक थे जो 15 जून को लद्दाख की गलवान घाटी में चीनी सैनिकों के साथ संघर्ष में शहीद हुए थे।

यह भी पढ़े | दिल्ली के अस्पतालों में ICU बेड बढ़ाने के लिए बैठक करेंगे उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन भी बैठक में होंगे शामिल.

सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम सैन्य विमान से चंडीगढ़ के रास्ते लेह से सिपाही ओरांग के पार्थिव शरीर को यहां लाए जाने के बाद पानागढ़ सैन्य अस्पताल में रखा गया था जिसे सुबह उनके घर पहुंचाया गया।

तिरंगे से लिपटे ताबूत को देखकर परिवार के लोग और वहां उपस्थित जनसैलाब की आंखों से आंसू निकल पड़े।

यह भी पढ़े | मध्यप्रदेश: कांग्रेस के विधायक पाए गए कोरोना पॉजिटिव, मतदान करने के बाद विधानसभा परिसर को किया जा रहा है सेनिटाइज : 19 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

गांव के निवासियों ने भारतीय सैनिकों पर चीनी सैनिकों के नृशंस हमले को लेकर आक्रोश जाहिर किया और चीनी उत्पादों के पूर्ण बहिष्कार की मांग की।

ओरांग के परिवार में उनके माता-पिता और दो बहन हैं।

उनका अंतिम संस्कार गांव के पास एक स्थान पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

राज्य के अन्य शहीद सैनिक हवलदार विपुल राय के पार्थिव शरीर को शाम को अलीपुरद्वार जिले के बिंदीपारा गांव ले जाया जाएगा जो कल रात हसीमारा सैन्य अस्पताल में रखा गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)