मुंबई, 19 मई सार्वजनिक क्षेत्र की गैस कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि उसने एलएनजी की आपूर्ति नहीं करने पर रूसी कंपनी गैजप्रॉम की इकाई के खिलाफ कानूनी कार्यवाही शुरू की है।
गेल इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस के गुप्ता ने कहा कि कंपनी एलएनजी की आपूर्ति न होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए गैजप्रॉम से हर्जाना मांग रही है। हालांकि उन्होंने मांगी गई राशि का खुलासा नहीं किया।
गुप्ता ने कहा कि इस मामले को लंदन में मध्यस्थता के जरिये सुलझाने के लिए रखा गया है और एक मध्यस्थ भी नियुक्त कर दिया गया है। हालांकि गैजप्रॉम ने अभी तक अपना प्रतिनिधि नामित नहीं किया है।
गत वर्ष फरवरी में यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद पैदा हुए विपरीत हालात में गैजप्रॉम ने गेल को तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की आपूर्ति रोक दी थी।
गेल का गैजप्रॉम की जर्मन अनुषंगी के साथ एलएनजी आपूर्ति का करार था। लेकिन यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद जर्मनी की सरकार ने उस अनुषंगी का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और उसे रूस से कोई भी आपूर्ति लेने से रोक दिया था। इसकी वजह से गैस आपूर्ति भी बाधित हो गई।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY