देश की खबरें | उत्तराखंड में जी20 की अवसंरचना कार्यकारी समूह की बैठक सोमवार से

ऋषिकेश/देहरादून, 25 जून भारत की अध्यक्षता के तहत तीसरे जी20 अवसंरचना कार्यकारी समूह (आइडब्लूजी) की बैठक सोमवार से यहां होने जा रही है जिसमें बुनियादी ढ़ांचे के विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी।

केंद्रीय आर्थिक कार्य विभाग के संयुक्त सचिव सोलोमन अरोकियाराज और निदेशकों—अमन गर्ग तथा जितेंद्र सिंह राजे ने ऋषिकेश में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 26 से 28 जून तक होने वाली इस तीन दिवसीय बैठक में जी-20 सदस्य देशों, आमंत्रित देशों और विश्व बैंक, एशियाई विकास बैंक जैसी कुछ अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के कुल 63 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं ।

उन्होंने बताया कि बैठक में कार्यकारी समूह की इस साल की प्राथमिकताओं को लेकर सात अलग-अलग विषयों पर चर्चा की जाएगी ।

अधिकारियों ने कहा कि इस साल की सबसे प्रमुख प्राथमिकता 'कल के शहरों' के मूलभूत ढ़ांचे में सुधार लाना है जिससे वहां रहने वाले सभी नागरिकों को समान रूप से सभी सुविधाएं मिल सकें ।

उन्होंने कहा कि अपने शहरों को सुविधा संपन्न बनाने के लिए उनमें निवेश करना होगा और इसके लिए केवल सरकारी पैसा पर्याप्त नहीं है ।

उन्होंने कहा कि हमारी चर्चा का विषय यह भी होगा कि किस प्रकार से निजी क्षेत्र को इससे हम जोड़ सकें और वे अपने शहरों को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे सकें ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)