देश की खबरें | भू-राजनीतिक तनाव की वैश्विक चुनौतियों का समाधान तलाशने में मदद कर सकता है जी20: अनुराग ठाकुर

बेंगलुरु, 22 फरवरी केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने बुधवार को कहा कि जलवायु परिवर्तन और भू-राजनीतिक तनाव जैसी वैश्विक चुनौतियों का समाधान तलाशने में जी-20 महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

ठाकुर ने यहां जी20 वित्त एवं केंद्रीय बैंक प्रतिनिधियों (एफसीबीडी) की दूसरी बैठक के उद्घाटन सत्र में कहा कि भारत की जी20 अध्यक्षता की मुख्य विषयवस्तु (थीम) ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया कोविड-19 वैश्विक महामारी के असर, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा संबंधी समस्याओं, महंगाई, जलवायु परिवर्तन की गंभीर होती स्थिति और भू-राजनीतिक तनाव का सामना कर रही है।

उन्होंने कहा कि इन संकटों के असर के कारण विकास के प्रमुख प्रतिमान की दिशा में प्रगति प्रभावित हो सकती है।

ठाकुर ने कहा, ‘‘जी20 एक केंद्रित एवं विचारशील संवाद और विचार-विमर्श के जरिए इन चुनौतियों का व्यावहारिक समाधान तलाशने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।’’

मंत्री ने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का थीम दिखाता है कि भारत वैश्विक चुनौतियों से निपटने के सहयोगात्मक प्रयासों को कितना महत्व देता है।

उन्होंने कहा कि 21वीं सदी की साझा वैश्विक चुनौतियों को पूरा करने, भविष्य के शहरों को वित्त उपलब्ध कराने, वित्तीय समावेश में डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे का उपयोग करने और उत्पादकता लाभ हासिल करने सहित अन्य उद्देश्यों के लिए 2023 में जी20 ‘फाइनेंस ट्रैक’ चर्चा में बहुपक्षीय विकास बैंकों को मजबूत करने का विषय शामिल किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)