देश की खबरें | आदिवासी की मौत मामले में चार सदस्यीय जांच दल का गठन
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भोपाल, 17 सितंबर मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने प्रदेश के बालाघाट जिले में पुलिस की कथित गोलीबारी में छत्तीसगढ़ के आदिवासी झाम सिंह धुर्वे की मौत के मामले में चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया है।

राज्य पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि मध्य प्रदेश अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के सहायक महानिरीक्षक सुनिल शिवहरे इस दल की अगुवाई करेंगे।

यह भी पढ़े | BJP Rajya Sabha MP Ashok Gasti Dies Due To Coronavirus: संक्रमित बीजेपी के राज्यसभा सांसद अशोक गास्ती का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक.

उन्होंने कहा कि इस जांच दल के अन्य सदस्य सीआईडी के उप अधीक्षक पुलिस नितेश भार्गव, इंस्पेक्टर डी के मरकाम एवं सब इंस्पेक्टर कपिल गुप्ता होंगे।

पुलिस महानिदेशक ने इस जांच दल को इस मामले में हर सप्ताह जानकारी देने को कहा है।

यह भी पढ़े | हरसिमरत कौर बादल का इस्तीफा ‘नाटक’, मोदी सरकार से समर्थन वापस क्यों नहीं लिया: कांग्रेस.

मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के गढ़ी थानांतर्गत बसपहरा के जंगल में छह सितम्बर को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के बालसमुंद निवासी झाम सिंह धुर्वे की मध्य प्रदेश पुलिस की कथित गोलीबारी में मौत हो गई थी। मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ की सीमा पर पुलिस की कथित गोलीबारी में एक अन्य ग्रामीण नेम सिंह धुर्वे बच गया था।

छत्तीसगढ़ के वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 14 सितंबर को पत्र लिखकर इसकी उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)