देश की खबरें | पूर्व ग्राम प्रधान पर बलात्कार के आरोप में मामला दर्ज

फतेहपुर (उप्र), चार फरवरी फतेहपुर जिले के जहानाबाद क्षेत्र में पांच माह पूर्व कथित रूप से बलात्कार किये जाने से एक किशोरी के गर्भवती होने के मामले में पुलिस ने पूर्व ग्राम प्रधान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जहानाबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजय संधू ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति की शिकायत पर उसी के गांव के पूर्व प्रधान सरसिजा मोहन उर्फ राजू सचान (50) के खिलाफ बुधवार को बलात्कार (376), जान से मारने की धमकी (506) और पॉक्सो अधिनियम की धारा-3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच कराई गई है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, मामले की जांच की जा रही है।

एसएचओ ने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी 16 साल की बेटी पांच माह पूर्व नलकूप पर गयी थी, तभी गांव के प्रधान सरसिजा मोहन उर्फ राजू सचान (50) ने जान से मारने की धमकी देकर उसकी बेटी के साथ बलात्कार किया था।

संधू ने दर्ज मामले के हवाले से बताया कि उस समय डर की वजह से लड़की ने परिजनों को घटना के बारे में कुछ नहीं बताया था, लेकिन गर्भवती होने पर उसने गत रविवार को अपने परिजन को सारी बात बताई, जिसके बाद थाने में मामला दर्ज कराया गया।

वहीं, आरोपी ने कहा "जल्द ही पंचायत चुनाव होने वाले हैं और इसे देखते हुए फर्जी मामला दर्ज कराया गया है। मैं हर तरह की जांच के लिए तैयार हूं।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)