द्वारका, 18 जून भाजपा के पूर्व विधायक पाबूभा मानेक भगवान कृष्ण के बारे में एक विवादास्पद टिप्पणी के लिए राम कथावाचक मोरारी बापू पर कथित रूप से भड़क गए।
गुजरात के द्वारका में यह घटना मीडिया के सामने हुई और टीवी कैमरा में भी रिकार्ड कर ली गयी । मानेक ने बाद में दावा किया कि कथावाचक पर हमला करने की उनकी कोई मंशा नहीं थी।
वायरल हुए एक वीडियो में दिखा है कि मानेक, बापू की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। उस दौरान बापू यहां द्वारकाधीश मंदिर से आने के बाद सर्किट हाउस में मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
बापू के बगल में बैठी जामनगर की सांसद पूनम मदाम और अन्य लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और मानेक को वहां से दूर ले गये।
यह भी पढ़े | Earthquake in Mizoram: मिजोरम में लगे भूंकप के तेज झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 5.0 दर्ज.
बाद में पूर्व विधायक ने दावा किया कि उनके हाव-भाव को गलत समझा गया। मानेक ने कहा, ‘‘मैं बापू से बस ये कहना चाहता था कि उन्होंने ऐसे शब्द क्यों कहे और कहां से उन्हें ये सब पता चला । जब तक मैं उनके पास जाता उनके समर्थक यह सोचकर मुझे दूर लेते गए कि मैं उनपर हमला करने वहां आया हूं।’’
हाल में गुजरात उच्च न्यायालय ने त्रुटिपूर्ण परचा दाखिल करने के लिए मानेक के निर्वाचन को रद्द कर दिया था।
मोरारी बापू भगवान कृष्ण के भक्तों खासकर अहीर समुदाय को शांत करने के प्रयास के तहत बृहस्पतिवार को द्वारका आए ।
बापू यह कहकर विवादों में आ गए थे कि कृष्ण अपने ही नगर द्वारका में धर्म स्थापित करने में नाकाम रहे। बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY