Ravindra Chavan New Maha BJP President: रवींद्र चव्हाण बने भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के नए अध्यक्ष
पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण को मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बैठक में सर्वसम्मति से पार्टी की महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष चुना गया।
Dombivli MLA Ravindra Chavan: पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण को मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बैठक में सर्वसम्मति से पार्टी की महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष चुना गया।
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक किरेन रीजीजू ने यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी सहयोगी चव्हाण महत्वपूर्ण नगर निकाय चुनावों से पहले राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का स्थान लेंगे, जो अगस्त 2022 से इस पद पर थे। वह पार्टी की राज्य इकाई के 12वें अध्यक्ष होंगे।
चव्हाण इस वर्ष जनवरी से भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।
ठाणे जिले के डोंबिवली विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे, चव्हाण 2016 से 2019 तक फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में राज्य मंत्री थे और बाद में उन्होंने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में लोक निर्माण मंत्री के रूप में कार्य किया।
मंत्रिमंडल के पूर्व अनुभव के बावजूद, पिछले वर्ष दिसंबर में जब महायुति गठबंधन ने सरकार बनाई, तो उन्हें मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं किया गया।
उनके नाम की घोषणा करते हुए रीजीजू ने कहा, “मैं रवींद्र चव्हाण को भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा करता हूं। उन्हें सर्वसम्मति से चुना गया है। वे पहले भी विभिन्न संगठनात्मक भूमिकाओं में पार्टी की सेवा कर चुके हैं।”
चव्हाण की पदोन्नति ऐसे समय में हुई है, जब पार्टी इस साल के अंत में होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी कर रही है। उन्हें व्यापक रूप से एक सक्षम राजनीतिक संगठनकर्ता के रूप में देखा जाता है और उन्होंने पिछले एक दशक में मुंबई महानगर क्षेत्र और कोंकण में भाजपा की उपस्थिति का विस्तार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
रीजीजू द्वारा चुनाव प्रक्रिया की घोषणा के बाद चव्हाण ने सोमवार को भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था। रीजीजू पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में महाराष्ट्र में संगठनात्मक चुनावों की देखरेख कर रहे हैं।
चव्हाण को नई भूमिका सौंपे जाने से पहले मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव एक व्यवस्थित प्रक्रिया के तहत किया गया, जिसकी शुरुआत जिला और मंडल अध्यक्षों के चयन से हुई।
उन्होंने कहा कि भाजपा की मुंबई इकाई के नए अध्यक्ष का चयन भी राज्य नेतृत्व के परामर्श से शीघ्र ही किया जाएगा।
पार्टी की नगर इकाई का नेतृत्व वर्तमान में आशीष शेलार कर रहे हैं, जो सांस्कृतिक मामलों के मंत्री भी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 09:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

