देश की खबरें | गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ ने तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़ा

पणजी, 19 अगस्त गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री चर्चिल अलेमाओ ने शनिवार को तृणलमू कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

गोवा में तृणमूल कांग्रेस के संयोजक समिल वोलवोइकर ने अलेमाओ के पार्टी छोड़ने की पुष्टि की है। हालांकि, अलेमाओ से पूरे मामले में टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।

सूत्रों ने बताया कि वह जल्द अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) वाले गुट में शामिल हो सकते हैं।

अलेमाओ (74) वर्ष 2022 के गोवा विधानसभा चुनाव से पहले राकांपा छोड़कर दिसंबर 2021 में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। उस समय वह राज्य में राकांपा के एकमात्र विधायक थे।

गोवा में राकांपा के पर्यवेक्षक एवं पार्टी प्रवक्ता क्लाईड क्रास्टो (शरद पवार गुट के) ने कहा कि अलेमाओ राकांपा में शामिल नहीं होने जा रहे हैं।

क्रास्टो ने कहा, ‘‘राकांपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष जोस फिलिप डीसूजा के नेतृत्व और राकांपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में पार्टी काम करेगी।’’

अलेमाओ 27 मार्च 1990 से 14 अप्रैल 1990 तक गोवा के मुख्यमंत्री थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)