देश की खबरें | पूर्व मुख्यमंत्री हरेकृष्ण महताब के दृष्टिकोण ने ओडिशा को आकार दिया: गडकरी

कटक (ओडिशा), 17 अप्रैल केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री हरेकृष्ण महताब के दृष्टिकोण ने राज्य को आकार दिया।

गडकरी ने महताब की 125वीं जयंती के अवसर पर कटक स्थित रेवेनशॉ विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान ‘बुनियादी ढांचे का विकास और ओडिशा’ विषय पर एक व्याख्यान में यह बात कही।

एक स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व मुख्यमंत्री की दूरदृष्टि की तारीफ करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा, ‘‘आप नेत्रदान कर सकते हैं, लेकिन दृष्टिकोण नहीं। महताब जी के दृष्टिकोण ने ओडिशा को आकार दिया है।’’

गडकरी ने कहा कि ओडिशा की पहचान और विकास में महताब का योगदान अद्वितीय है।

उन्होंने हीराकुंड बांध के निर्माण में महताब के योगदान का भी जिक्र किया। दरअसल, देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने वर्ष 1948 में इसकी आधारशिला रखी थी और 1957 में इसका उद्घटान किया गया था।

गडकरी ने महताब को बहुमुखी व्यक्तित्व का धनी बताते हुए कहा कि वह एक विद्वान, लेखक, कवि और समाज सुधारक थे, जिन्होंने राज्य में शैक्षिक उन्नति और सामाजिक समानता के लिए काम किया था।

महाराष्ट्र से ताल्लुक रखने वाले गडकरी ने बताया कि महताब ने पश्चिमी राज्य में कारावास के दौरान ‘ओडिशा का इतिहास’ नामक किताब लिखी थी।

उन्होंने युवाओं से महताब के जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह करते हुए कहा, ‘‘यह मायने नहीं रखता कि हम कितने लंबे समय तक जीवित रहते हैं, बल्कि यह मायने रखता है कि हम क्या करते हैं। आइए ओडिशा को भारत के विकास का अग्रणी केंद्र बनाने के लिए काम करें।’’

इससे पहले, गडकरी ने ओडिशा में 19 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का अनावरण किया, जिसमें 4,137 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

उन्होंने भुवनेश्वर के बारामुंडा मैदान में आयोजित एक समारोह में 17 परियोजनाओं की आधारशिला रखी और दो राजमार्गों के खंडों का उद्घाटन किया।

इस कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, उपमुख्यमंत्री पी. परिदा और केवी सिंह देव, सांसद, विधायक और मंत्री उपस्थित थे।

गडकरी ने 2,905 करोड़ रुपये की लागत वाली 13 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं के तहत खुर्दा, पुरी, गंजम, कंधमाल और नयागढ़ जिलों में नयी सड़कें बनाई जाएंगी और मौजूदा सड़कों को चौड़ा किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)