देश की खबरें | मानव-पशु संघर्ष को कम करने के लिए वन मंत्रालय सलीम अली केंद्र का उपयोग करेगा: केंद्रीय मंत्री

वायनाड (केरल), 22 फरवरी केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका मंत्रालय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में मानव-पशु संघर्ष को कम करने के लिए कोयंबटूर में पक्षी विज्ञान एवं प्राकृतिक इतिहास केंद्र बनाएगा।

केंद्रीय मंत्री ने तीन राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों में घने जंगल होने के मद्देनजर अधिक अंतर-राज्य समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि मानव-पशु संघर्ष कम करने के लिए सलीम अली पक्षी विज्ञान एवं प्राकृतिक इतिहास केंद्र का उपयोग किया जाएगा।

स्थानीय प्रशासन और वन अधिकारियों के साथ बैठक के बाद यादव ने कहा, “हमें लगता है कि सभी दक्षिणी राज्यों को वन्यजीव मुद्दों पर बेहतर सहयोग और समन्वय की जरूरत है।”

बुधवार शाम यहां पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने वायनाड जिले में जानवरों के हमलों में मारे गए तीन लोगों के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस महीने दो जंगली हाथियों ने अजीश और पॉल नामक व्यक्तियों को कुचलकर मार डाला था जबकि दिसंबर 2023 में बाघ के हमले में प्रजीश नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के निर्देश पर राज्य के एक मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को वायनाड का दौरा किया था। प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय प्रतिनिधियों और अधिकारियों की एक बैठक के दौरान उपचारात्मक प्रस्तावों पर चर्चा की थी।

इससे पहले कांग्रेस के नेता और वायनाड से सांसद राहुल गांधी तथा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने जानवरों के हमले में मारे गए लोगों के परिजनों से मुलाकात की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)