नयी दिल्ली, 11 दिसंबर विदेश मंत्रालय ने हमास को आतंकी संगठन घोषित करने से संबंधित लोकसभा के एक प्रश्न के उत्तर में मंत्री के नाम में सुधार किया और इस संदर्भ में सोमवार को सदन को जानकारी दी गई।
इस प्रश्न के उत्तर में पहले विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी का नाम था, जिसके स्थान पर अब विदेश मंत्रालय में दूसरे राज्य मंत्री वी मुरलीधरन का नाम कर दिया गया है।
मुरलीधरन ने नाम में सुधार से जुड़ा वक्तव्य सोमवार को लोकसभा के पटल पर रखा।
गत नौ दिसंबर को लेखी के यह कहने के बाद एक राजनीतिक विवाद उत्पन्न हो गया था कि उन्होंने हमास को आतंकी संगठन घोषित करने के बारे में शुक्रवार को लोकसभा के पटल पर रखे गए एक प्रश्न का अनुमोदन नहीं किया था। इसके बाद, सरकार को यह स्पष्टीकरण देना पड़ा कि यह एक ‘प्रक्रियागत गलती’ थी।
लेखी की टिप्पणी की विपक्षी दलों द्वारा आलोचना किये जाने और घटना को नियमों का गंभीर उल्लंघन बताये जाने पर विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि अतारांकित प्रश्न का जवाब देने वाले राज्य मंत्री के रूप में वी मुरलीधरन का नाम दर्शाने के लिए एक तकनीकी सुधार की आवश्यकता है।
‘हमास को आतंकवादी संगठन घोषित करने’ के शीर्षक वाला अतारांकित प्रश्न संख्या 980 कांग्रेस सांसद कुंभकुडी सुधाकरन द्वारा पूछा गया था।
अतारांकित प्रश्न क्रमांक 980 को लोकसभा की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था, जिसमें उत्तर देने वाले के रूप में लेखी का नाम था।
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY