तिरुपति, 17 फरवरी मुंबई के एक श्रद्धालु ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के श्री वेंकटेश्वर अन्नप्रसादम ट्रस्ट को 11 करोड़ रुपये का दान दिया है।
प्रसीद ऊनो फैमिली ट्रस्ट के तुषार कुमार ने तिरुमला में टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी वेंकैया चौधरी को यह राशि प्रदान की।
मंदिर प्रबंधन की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘मुंबई स्थित प्रसीद ऊनो फैमिली ट्रस्ट के श्रद्धालु तुषार कुमार ने सोमवार को श्री वेंकटेश्वर अन्नप्रसादम ट्रस्ट को 11 करोड़ रुपये का दान दिया है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री एनटी रामाराव ने 1985 में प्रतिदिन 2,000 तीर्थयात्रियों को मुफ्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए वेंकटेश्वर नित्य अन्नदानम योजना शुरू की थी।
इस योजना को बाद में 1994 में श्री वेंकटेश्वर नित्य अन्नदानम ट्रस्ट नामक एक स्वतंत्र ट्रस्ट में बदल दिया गया और 2014 में इसका नाम बदलकर श्री वेंकटेश्वर अन्नप्रसादम ट्रस्ट कर दिया गया।
दुनिया भर से मिलने वाले दान से वित्तपोषित यह ट्रस्ट राष्ट्रीयकृत बैंकों में धन जमा करता है और अर्जित ब्याज से अपने खर्चों को पूरा करता है।
तिरुपति में श्री वेंकटेश्वर मंदिर के आधिकारिक संरक्षक टीटीडी की मेगा रसोई में रोजाना करीब 14 टन चावल तैयार होता है और 10,000 लीटर दूध खरीदा जाता है। हजारों भक्तों को पेय पदार्थ और दिन में तीन बार भोजन मिलता है।
रंजन माधव अविनाश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY