देश की खबरें | छतरपुर जिले में बोरवेल में गिरा पांच साल का बालक सुरक्षित बाहर निकाला गया

भोपाल/ छतरपुर, 29 जून मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के एक गांव में बुधवार को बोरवेल में गिरे पांच साल के बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

मध्य प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) गृह डॉ राजेश राजोरा ने बताया कि किसान अखिलेश यादव का बेटा दीपेंद्र यादव दोपहर करीब दो बजे फिसलकर परिवार की कृषि भूमि में स्थित बोरवेल में गिर गया और 30 फीट की गहराई में फंस गया था।

उन्होंने बताया कि बच्चे को रात करीब दस बजे बोरवेल से बाहर निकाला गया और उसे पास के एक अस्पताल ले जाया गया।

उन्होंने कहा कि बचाव दल ने 28 फीट की गहराई तक एक समानांतर गड्ढा खोदा और बच्चे तक पहुंचने के लिए बोरवेल को एक सुरंग से जोड़ा।

एक अधिकारी ने बताया कि करीब एक घंटे तक भारी बारिश के कारण बचाव अभियान में बाधा आई लेकिन बारिश के पानी को अंदर जाने से रोकने के लिए बोरवेल को अच्छी तरह से ढक दिया गया था।

छतरपुर के कलेक्टर संदीप जे आर ने बताया कि जिला प्रशासन ने बोरवेल में एक कैमरा और ऑक्सीजन पाइप उतारा था और फुटेज में बच्चे को देखा जा रहा था।

राजोरा ने कहा कि बचाव अभियान में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) की टीमों के अलावा सेना की एक टीम में दो अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी और 23 जवान शामिल हुए।

एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव और छतरपुर के कलेक्टर को बच्चे को बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)