खेल की खबरें | तेज गेंदबाज निधीश के पांच विकेट, जम्मू-कश्मीर के स्टंप तक आठ विकेट पर 228 रन

पुणे, आठ फरवरी मध्यम गति के गेंदबाज एमडी निधीश के पांच विकेट झटकने से केरल की टीम ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच के पहले दिन शनिवार को यहां स्टंप तक जम्मू-कश्मीर का स्कोर आठ विकेट पर 228 रन कर दिया।

निधीश (56 रन देकर पांच विकेट) ने शुरू से ही जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर दी और केरल का टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला करने के बाद नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए।

उन्होंने सलामी बल्लेबाज शुभम खजूरिया, यावर हसन, विवरांत शर्मा, विकेटकीपर कन्हैया वाधवान और लोन नासिर मुजफ्फर के विकेट लिए।

उन्हें बासिल थम्पी, बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे और नेदुमनकुझी बासिल का अच्छा साथ मिला जिन्होंने एक-एक विकेट लिया।

जम्मू-कश्मीर के लिए वाधवान ने 80 गेंद में 48 रन बनाए जबकि मुजफ्फर ने 44 रन बनाए।

साहिल लोत्रा ​​(35) और हसन (24) ने भी अच्छी शुरुआत की लेकिन उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए जिससे उनकी टीम परेशानी में आ गई।

स्टंप तक युद्धवीर सिंह 17 और औकीब नबी पांच रन बनाकर क्रीज पर थे।

बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर जम्मू-कश्मीर की शुरुआत अच्छी नहीं रही। निधीश ने सातवें ओवर में खजूरिया को आउट कर दिया। जिसके बाद शर्मा और हसन के आउट करने के बाद जम्मू-कश्मीर ने 21.2 ओवर में 48 रन पर तीन विकेट गंवा दिए।

हालत तब और खराब हो गई जब कप्तान पारस डोगरा (14) 30वें ओवर में थम्पी की गेंद पर बोल्ड हो गए।

इसके बाद वाधवान और लोत्रा ​​ने पांचवें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी करके टीम को संभालने की कोशिश की। लेकिन वाधवान के ​​आउट होने से यह साझेदारी टूट गयी। फिर लोत्रा ​​और मुजफ्फर के बीच छठे विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी हुई जिससे जम्मू-कश्मीर संभलने में सफल रही।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)