देश की खबरें | कनाडा में रह रहे आतंकवादी लांडा के पांच और सहयोगी गिरफ्तार : पंजाब पुलिस

चंडीगढ़, 14 जुलाई पंजाब पुलिस ने कनाडा में रह रहे आतंकवादी लखबीर सिंह उर्फ ​​लांडा के पांच और सहयोगियों को गिरफ्तार किया है जिससे उसके गिरोह से जुड़े गिरफ्तार लोगों की संख्या 13 हो गई है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि गिरफ्तार किए गए पांचों लोगों के पास से तीन पिस्तौल बरामद हुईं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता में, जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने कनाडा में रह रहे आतंकवादी लखबीर उर्फ ​​लांडा के पांच और सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया।’’

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि इसके साथ ही लांडा गिरोह से जुड़े गिरफ्तार लोगों की संख्या 13 हो गई है।

यादव ने कहा, ‘‘यह गिरोह पंजाब के कई जिलों में हत्या, जबरन वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों जैसे कई जघन्य अपराधों में शामिल रहा है।’’

बाद में एक बयान में, जालंधर के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने कहा कि आरोपी हत्या और जबरन वसूली जैसे जघन्य अपराधों में शामिल थे।

आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी सिमरनजीत सिंह उर्फ ​​सिम्मा, परमजीत सिंह उर्फ ​​पम्मा, दिलबाग सिंह उर्फ ​​बागा, दिलप्रीत सिंह और साजन दीप सिंह के रूप में हुई है।

शर्मा ने कहा कि दिलप्रीत नामक आरोपी लांडा के संपर्क में था और उसने तरनतारन तथा अमृतसर में व्यापारियों और दुकानदारों को पैसे के लिए धमकी दी थी।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि बागा और साजन भी लांडा के संपर्क में थे तथा उन्होंने तरनतारन और अमृतसर जिलों में कई व्यापारियों, कमीशन एजेंट और दुकानदारों से पैसे की मांग की थी।

पुलिस ने 10 जून को कहा था कि उसने लांडा के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। आतंकवादी के पांच और सहयोगियों को 30 जून को पकड़ा गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)