देश की खबरें | इनामी माओवादी समेत पांच माओवादियों ने किया आत्मसमर्पण
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

रायपुर, 23 नवंबर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी माओवादी समेत पांच माओवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि माओवादियों के दरभा डिवीजन में तैनात प्लाटून सेक्शन डिप्टी कमाण्डर सोमडू वेट्टी (22), जनमिलिशिया सदस्य बामन उर्फ डेंगा यादव (40), जनमिलिशिया सदस्य देवा मड़कम (30), चेतना नाट्य मंडली का सदस्य लक्ष्मण सोड़ी (20) और महिला नक्सली मड़कम बोज्जो (20) ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया।

यह भी पढ़े | कोरोना के झारखंड में पिछले 24 घंटे में 137 नए केस, 5 की मौत: 23 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

अधिकारियों ने बताया कि सभी माओवादियों ने जिले में चल रहे 'लोन वर्राटू' (घर वापसी) अभियान से प्रभावित होकर तथा माओवादी संगठन की खोखली विचारधारा से तंग आकर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है।

उन्होंने बताया कि समर्पण करने वाले माओवादियों में से सोमडू वेट्टी पर तीन लाख रुपए का इनाम है।

यह भी पढ़े | आईएमए पोंजी घोटाला: CBI ने पूर्व कांग्रेस नेता आर रोशन बेग को किया गिरफ्तार, 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा.

अधिकारियों ने बताया कि माओवादियों के खिलाफ पुलिस दल पर हमला, सार्वजनिक संपत्तियों के नुकसान पहुंचाने और माओवादी बैनर पोस्टर लगाने समेत अन्य अपराध में शामिल होने का आरोप है।

उन्होंने बताया कि जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत प्रतिबंधित माओवादी संगठन में सक्रिय हैं विभिन्न गांवों के लोगों के नाम थाना, शिविरों और ग्राम पंचायतों में चस्पा किये जा रहे हैं। इस दौरान माओवादियों से आत्मसमर्पण करने की अपील की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान के तहत पिछले चार महीने में 56 इनामी माओवादियों समेत कुल 208 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया है।

आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को 10 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)