नयी दिल्ली, 29 दिसंबर दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर 5.4 किलोग्राम अफीम जब्त की है, जिसे नववर्ष पार्टी के लिए पंजाब के बठिंडा जिले में ले जाया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान झारखंड निवासियों रविंदर भुइयां (45) और विनोद यादव (41) के रूप में हुई है।
पुलिस उपायुक्त (रेलवे) हरीश एच.पी. ने कहा कि सोमवार को पुलिस और आरपीएफ जवानों की एक संयुक्त टीम शकूर बस्ती रेलवे स्टेशन के पास गश्त कर रही थी, तभी उन्होंने एक बेंच पर दो लोगों को बैठे देखा। उन्होंने संदिग्ध हालत में खुद को कंबल से ढक रखा था।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को आते देख वे दया बस्ती की ओर तेजी से चलने लगे। पुलिस कर्मियों ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
उन्होंने कहा कि जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो 5.416 किलो अफीम बरामद हुई।
अधिकारी ने कहा, “पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि उन्हें झारखंड से मादक पदार्थ मिला था और वे महाबोधि एक्सप्रेस ट्रेन से आए थे। बरामद मादक पदार्थ को आगामी न्यू ईयर पार्टी के लिए पंजाब के बठिंडा ले जाया जाना था।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY