देश की खबरें | पंजाब सीमा पर पांच घुसपैठिए ढेर, हथियार और मादक पदार्थ बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब में शनिवार सुबह भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच पाकिस्तानी घुसपैठियों को ढेर कर दिया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने यह जानकारी दी।
चंडीगढ़/नयी दिल्ली, 22 अगस्त सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब में शनिवार सुबह भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच पाकिस्तानी घुसपैठियों को ढेर कर दिया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान से लगती 3,300 किलोमीटर लंबी सीमा पर एक दशक से भी ज्यादा वक्त में एक ही घटना में घुसपैठियों के मारे जाने की यह सर्वाधिक संख्या है।
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि जवानों ने नौ पैकेट बरामद किए जिनमें नौ किलोग्राम से ज्यादा हेरोइन था। इसके अलावा एक एके 47 रायफल, दो मैग्जीन, 27 गोलियां, नौ एमएम की चार बेरेट्टा पिस्तौलों के साथ सात मैग्जीन,109 गोलियां, दो मोबाइल फोन पाकिस्तानी मुद्रा में 610 रुपए बरामद किए हैं।
अधिकारी ने बताया कि बल के जवानों ने सीमा पर बाड़ के पास संदिग्ध गतिविधियां देखी। उन्होंने इलाके की घेराबंदी की तथा संदिग्धों से वहीं रुकने और आत्मसमर्पण करने को कहा।
उन्होंने बताया,‘‘ पाकिस्तानी घुसपैठियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया और उन्होंने बीएसएफ के जवानों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ बीएसएफ के जवानों ने उन्हें और दुस्साहस करने से रोकने और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं जिसमें पाकिस्तान के पांच सशस्त्र घुसपैठिए मारे गए।’’
बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 4:45 बजे ‘डल’ सीमा चौकी के पास हुई, जो जिले के भिखिविंड कस्बे के पास है और बीएसएफ की 103वीं बटालियन इसकी रक्षा करती है।
अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने आधी रात के करीब सीमा पर संदिग्ध गतिविधियां देखीं और इसके बाद घुसपैठियों पर ‘‘केन्द्रित’’ निगरानी की गई। साथ ही घात लगा कर कई हमले किए गए। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ के ठीक पीछे सुबह ‘‘उनका पता चला’’।
उन्होंने बताया कि घुसपैठिए रायफल लिए थे और भारत में घुसने के लिए ‘‘सरकंडे’’ का सहारा ले रहे थे।
बीएसएफ ने तस्वीरों वाला एक कोलाज जारी किया जिसमें दो शव एक के ऊपर एक दिखाई दे रहे हैं वहीं तीन शव अलग अलग स्थानों पर घास पर पड़े हैं। तस्वीरों में कुछ हथियार और पिटठूबैग भी दिखाई दे रहे हैं । घुसपैठिए शर्ट अथवा टी-शर्ट और फुल पैंट पहने थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)