औरंगाबाद-पटना, 23 अक्टूबर बिहार के औरंगाबाद जिले के गोह प्रखण्ड अंतर्गत कुसुमरा घाट पर रविवार को नहाने के क्रम में गहरे पानी में चले जाने से चार किशोरियों सहित पांच लोग डूब गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।
प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कुसुमरा घाट पर पांच लोगों के डूबने की घटना पर मर्माहत हैं। उन्होंने हादसे में मरने की घटना पर शोक जताया है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि अविलम्ब उपलब्ध कराने का जिला प्रशासन को निर्देश दिया है।
औरंगाबाद जिले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक गोह प्रखंड के उपहारा थाना अंतर्गत हमीदनगर गांव के पास पुनपुन नदी के कुसुमरा घाट पर रविवार को दीपावली के अवसर पर चार किशोरियां कपड़ा धोने और स्नान करने गयी थीं।
इसमें कहा गया है कि कपड़ा धोने के बाद सभी किशोरियां नदी में स्नान कर रही थी और इसी दौरान नदी के तेज बहाव में एक किशोरी बहने लगी। जानकारी में कहा गया है कि उसे बचाने के दौरान ही अन्य तीनों किशोरियां भी नदी में डूबने लगी।
किशोरियों को नदी में डूबते देख वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने शोर मचाया। महिलाओं की आवाज सुनकर उसी गांव के एक व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी और डूब रही लड़कियों को बचाने का प्रयास किया। इस दौरान किशोरियों ने खुद को बचाने के लिए उसे एक साथ पकड़ लिया जिससे उनका भी संतुलन बिगड़ गया और वह भी नदी की तेज धारा में बह गये।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY