Bengaluru: बेंगलुरु में लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या; वकील के सामने गुनाह कबूल करने के बाद आरोपी गिरफ्तार
कर्नाटक के बेंगलुरु में एक 27 वर्षीय युवक ने मल्लेश्वरम स्थित अपने किराए के मकान में अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने खुद अपने वकील को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वकील ने पुलिस को अलर्ट किया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
- Read in
- English
बेंगलुरु, 17 जून: कर्नाटक (Karnataka) की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) के मल्लेश्वरम (Malleswaram) इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां एक 27 वर्षीय युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी 20 वर्षीय लिव-इन पार्टनर (Live-In-Partner) की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या (Mureder) कर दी. इस जघन्य अपराध का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने खुद अपने कानूनी सलाहकार (वकील) को फोन कर घटना की जानकारी दी. वकील की तत्परता और पुलिस को दी गई सूचना के बाद शेषाद्रिपुरम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है. मृतका की पहचान अनुषा के रूप में हुई है, जो आरोपी के साथ पिछले छह महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. यह भी पढ़ें: Bengaluru Dog Attack: बेंगलुरु में घर के बाहर साइकिल चला रहे 12 साल के बच्चे पर रॉटवाइलर का हमला; मालिक के खिलाफ केस दर्ज, CCTV में कैद हुई घटना
इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात, 6 महीने से रह रहे थे साथ
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका अनुषा और आरोपी शरद दोनों ही कर्नाटक के हासन जिले के सकलेशपुर के रहने वाले थे. दोनों की मुलाकात कुछ समय पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम (Instagram) के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे यह मुलाकात प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया.
पिछले छह महीनों से दोनों बेंगलुरु के मल्लेश्वरम इलाके में एक कमरा किराए पर लेकर साथ रह रहे थे. इस बीच शरद बेंगलुरु में ही एक पानी के टैंकर (Water Tanker) के ड्राइवर के रूप में काम कर रहा था. शुरुआती जांच के मुताबिक, दोनों के बीच पिछले कुछ समय से व्यक्तिगत मुद्दों को लेकर अनबन चल रही थी.
शनिवार रात हुआ विवाद और घोंट दिया गला
शेषाद्रिपुरम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यह वारदात शनिवार रात को अंजाम दी गई थी। रात के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि शरद ने गुस्से में आकर अनुषा पर हमला कर दिया और उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
हत्या करने के बाद आरोपी घबरा गया और शव को कमरे में ही छोड़कर फरार हो गया। वह दो दिनों तक कानूनी मदद पाने और खुद को बचाने के रास्ते तलाशता रहा.
वकील को बताया सच, तब हरकत में आई पुलिस
यह पूरा मामला सोमवार को तब प्रकाश में आया जब शरद ने अपने वकील से संपर्क किया और उसे पूरी घटना की सच्चाई बताई. शरद की बात सुनकर वकील ने बिना समय गंवाए तुरंत पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता से अवगत कराया.
सूचना मिलते ही शेषाद्रिपुरम पुलिस की एक टीम बताए गए पते पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर देखा, तो वहां अनुषा का शव पड़ा हुआ था. पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान शुरू किया और कुछ ही घंटों के भीतर शरद को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने सभी जरूरी कानूनी और फॉरेंसिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद अनुषा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात की सही वजह और कड़ियों का पता लगाया जा सके. दोनों के मोबाइल फोन और डिजिटल चैट्स को भी खंगाला जा रहा है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2026 07:31 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

