नयी दिल्ली, 12 जनवरी अमेरिका की फर्स्ट सोलर ने तमिलनाडु में भारत का पहला एकीकृत सौर विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने में 70 करोड़ अमेरिकी डॉलर का निवेश किया है।
तमिलनाडु में स्थित इस संयंत्र का बृहस्पतिवार को उद्घाटन किया गया। इसकी वार्षिक क्षमता 3.3 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) है।
कंपनी के बयान के अनुसार, यह भारतीय बाजार के लिए ‘कंपनी की श्रृंखला 7’ फोटोवोल्टिक (पीवी) सौर मॉड्यूल का उत्पादन करेगी। इससे करीब 1,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिले हैं।
श्रृंखला-7 मॉड्यूल चीन में उत्पादित पॉलीसिलिकॉन मॉड्यूल की तुलना में 50 प्रतिशत कम ऊर्जा और केवल एक तिहाई पानी का उपयोग करते हैं।
तमिलनाडु के उद्योग प्रोत्साहन एवं वाणिज्य मंत्री टीआरबी राजा संयंत्र के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि थे। इसमें भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी और यूएस इंटरनेशनल डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन (डीएफसी) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी स्कॉट नाथन भी शामिल हुए।
गार्सेटी ने कहा कि उत्पादन सुविधा स्वच्छ, हरित ऊर्जा की ओर वैश्विक बदलाव को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY