देश की खबरें | मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ : बड़े आयोजन की तैयारी में राजग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए बड़े स्तर पर संपर्क कार्यक्रम की योजना बना रहा है, जिसमें कई नीतिगत पहल की घोषणा की जा सकती है।
नयी दिल्ली, 22 मई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ मनाने के लिए बड़े स्तर पर संपर्क कार्यक्रम की योजना बना रहा है, जिसमें कई नीतिगत पहल की घोषणा की जा सकती है।
यह आयोजन पाकिस्तान की ओर से बढ़ावा दिये जा रहे आतंकवाद के खिलाफ भारत द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिये दी गई कड़ी प्रतिक्रिया की पृष्ठभूमि में होगा।
सूत्रों ने बताया कि कार्यक्रम की रूपरेखा पर अभी मंथन चल रहा है, लेकिन उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्रियों सहित वरिष्ठ पार्टी नेताओं द्वारा जन-संपर्क इस कार्यक्रम का हिस्सा होगा।
सूत्रों ने बताया कि यह जन संपर्क जनसभाओं और मार्च के रूप में हो सकता है, तथा इसमें सरकार की नीतिगत पहल और कल्याणकारी कार्यक्रमों के अलावा 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद की गई कठोर सैन्य कार्रवाई पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है। इस हमले में 26 नागरिक मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष नौ जून को तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ ली थी।
सूत्रों ने बताया कि उम्मीद है कि मोदी 25 मई को भाजपा और उसके सहयोगी दलों द्वारा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें सत्तारूढ़ गठबंधन के शासन एजेंडे पर ध्यान केंद्रित किए जाने की संभावना है।
एक भाजपा नेता ने कहा कि वर्षगांठ कार्यक्रमों पर चर्चा हो सकती है।
एक सरकारी सूत्र ने बताया कि मोदी 29 और 30 मई को दो दिवसीय दौरे के दौरान बिहार में कई विकास कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे। उन्होंने बताया कि यह वर्षगांठ से पहले सत्तारूढ़ गठबंधन के एजेंडे में ‘विकास’ को सबसे आगे रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2025 10:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

