देश की खबरें | मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिला अस्पताल के आईसीयू में लगी आग, एक मरीज की मौत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

शिवपुरी (मध्यप्रदेश), 30 सितम्बर शिवपुरी जिला अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में बुधवार को आग लगने के बाद एक मरीज की कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गई। मामले में मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए गये हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. अर्जुन लाल शर्मा ने आग लगने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामूली शार्ट सर्किट के कारण यह घटना हुई और आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस अग्निकांड से किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई।

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape Case: हाथरस गैंगरेप मामले पर सोनिया गांधी ने कहा- मासूम लड़की के साथ जो हैवानियत हुई, वो हमारे समाज पर कलंक है.

आईसीयू में भर्ती किए गए मोहम्मद इस्लाम (55) के पुत्र मोहम्मद ताहिर ने कहा कि उनके पिता को गुना से शिवपुरी अस्पताल भेजा गया था और उन्हें आईसीयू में रखा गया था।

ताहिर ने कहा कि आग लगने के बाद आईसीयू में धुआं भर गया और जब वहां से उनके पिता को बाहर निकाला गया, उसी दौरान ऑक्सीजन ना मिल पाने के कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape Case: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने युवती से गैंगरेप मामले में योगी सरकार और, पुलिस प्रमुख को भेजा नोटिस.

शिवपुरी के जिलाधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन डॉ खरे से घटना के संबंध में और मरीज की मौत के मामले में जानकारी ली। सिविल सर्जन डॉ खरे का कहना है कि मृतक को ऑक्सीजन की मदद दी जा रही थी।

सिंह ने इस घटना की विस्तृत जांच के लिए मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए है। मजिस्ट्रेटी जांच के लिए सहायक कलेक्टर काजल जावला को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है और विस्तृत जांच रिपोर्ट सात दिन में देने को कहा गया है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)