देश की खबरें | आईजीएमसीएच-शिमला के नये ओपीडी भवन में आग लगी, कम से कम 250 लोगों को बाहर निकाला गया

शिमला, 27 अप्रैल हिमाचल प्रदेश के शिमला में इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसीएच) के ‘कैफेटेरिया’ में बृहस्पतिवार को दो सिलेंडर फटने के कारण इमारत के एक हिस्से में आग लग गयी, जिसके उपरांत वहां से कम से कम 250 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना के बाद मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण विभाग) संजय अवस्थी ने आईजीएमसीएच का दौरा किया और चिकित्सा अधीक्षक को इसकी जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर में रिसाव के कारण आग लगी और अस्पताल प्रशासन को लापरवाही के लिए कैफेटेरिया के मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया, जिसके बाद कैफेटेरिया के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।

अधिकारियों के मुताबिक, लगभग 30.90 करोड़ रुपये की लागत से बने नये बहुमंजिला ओपीडी ब्लॉक का उद्घाटन गत नौ मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किया था, जिसके लिए अब तक अग्निशमन विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलना बाकी है।

आईजीएमसीएच के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक राहुल राव ने बताया कि ये विस्फोट उस वक्त हुए जब बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) की सेवाएं शुरू ही हुई थीं। उन्होंने बताया कि 15 से 20 मिनट के भीतर मरीजों समेत कम से कम 250 लोगों को अस्पताल के कर्मचारियों और अन्य लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

एक दमकल अधिकारी ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘हमें सुबह लगभग आठ बजकर 50 मिनट पर घटना की जानकारी मिली। माल रोड, छोटा शिमला और बोइलागंज से दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया और आग को फैलने से रोका गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)