सीतापुर (उप्र), तीन जून हिंदू संत-महात्माओं को कथित तौर पर नफरत फैलाने वाला बताने पर आल्ट न्यूज पोर्टल के सह संस्थापक मोहम्मद जुबैर के खिलाफ यहां के खैराबाद पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह ने शुक्रवार को बताया कि हिंदू शेर सेना के जिलाध्यक्ष भगवान शरण द्वारा जून को भारतीय दंड संहिता की धारा 295ए और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा-67 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
उन्होंने बताया कि शरण ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि मोहम्मद जुबैर ने 27 मई को अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया- शाबाश विनीत जैन, टाइम्स।
प्राथमिकी के मुताबिक जुबैर ने आगे लिखा कि ‘‘ज्ञानवापी मस्जिद को लेकर चल रहे विवाद के संबंध में जब हमारे पास पहले से ही एंकर हैं, जो न्यूज स्टूडियो से कहीं बेहतर काम कर सकते हैं तो हमें यति नरसिंहानंद सरस्वती या महंत बजरंग मुनी या आनंद स्वरूप जैसे नफरत फैलाने वाले लोगों की क्या जरूरत है जो एक समुदाय विशेष के खिलाफ बोलने के लिए धर्म संसद आयोजित करते हैं।’’
उल्लेखऩीय है कि बजंरग मुनि हिंदू शेर सेना के राष्ट्रीय संरक्षक हैं। इससे पूर्व मोहम्मद जुबैर ने ट्वीट कर बजरंग मुनि के कथित भड़काऊ भाषण का वीडियो वायरल किया था जिसके बाद मुनि को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले की जांच खैराबाद थाना के एसएचओ अरविंद सिंह को सौंपी गई है।
वहीं मोहम्मद जुबैर से इस मामले में संपर्क नहीं हो सका।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY