नयी दिल्ली, नौ नवम्बर दिल्ली भाजपा के महासचिव कुलजीत चहल की उस शिकायत पर पुलिस ने एक मामला दर्ज किया है जिसमें आप नेताओं पर सोशल मीडिया पर एक ‘‘फर्जी’’ समाचार वीडियो क्लिप डालने का आरोप लगाया गया है। इसमें दावा किया गया है कि भाजपा द्वारा शासित नगर निगमों में भ्रष्टाचार है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बयान में पार्टी के खिलाफ लगाये गये आरोपों को ‘‘निराधार’’ बताया है।
यह भी पढ़े | Earthquake in Palghar: महाराष्ट्र के पालघर में भूकम्प के दो हल्के झटके, जानमाल का कोई नुकसान नहीं.
चहल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पुलिस इस ‘‘फर्जी’’ वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने के पीछे आप नेताओं की भूमिका की जांच कर रही है। इस वीडियो में आरोप लगाया गया है कि भारतीय जनता पार्टी के पार्षद भ्रष्टाचार और 1,400 करोड़ रुपये के गबन में शामिल हैं।
भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत नॉर्थ एवेन्यू पुलिस थाने में शनिवार को मामला दर्ज किया गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘भाजपा नेता कुलजीत चहल ने एक फर्जी वीडियो के बारे में एक शिकायत की है। इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।’’
चहल ने अपनी शिकायत में आप नेता दुर्गेश पाठक और उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) में पार्टी के नेता प्रतिपक्ष विकास गोयल के नाम लिये हैं। उन्होंने कहा कि आप नेताओं ने भाजपा पार्षदों के खिलाफ ‘‘भ्रष्टाचार और गबन’’ के निराधार आरोप लगाये हैं।
इन दावों का खंडन करते हुए आप ने कहा, ‘‘भाजपा ने निराधार और झूठे आरोप लगाए हैं। हम अदालत में जवाब देंगे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY