देश की खबरें | फिल्मी हस्तियों ने पैरालंपिक में रजद पदक जीतने पर भाविनाबेन पटेल की तारीफ की

मुंबई, 29 अगस्त अक्षय कुमार, अभिषेक बच्चन] तापसी पन्नू और राजकुमार राव जैसी फिल्मी हस्तियों ने रविवार को तोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल की तारीफ की।

उन्हें तोक्यो मे टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा के महिला एकल फाइनल में रविवार को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीन की झाउ यिंग के खिलाफ 0-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा लेकिन वह ऐतिहासिक रजत पदक के साथ पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनने में सफल रहीं।

कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘ भाविना पटेल आपको अपने पदक से इतिहास रचने के लिए धन्यवाद। तोक्यो पैरालंपिक में आपकी प्रतिभा और दृढता देखकर मैं अचंभित हूं। ’’

पन्नू ने ट्वीट किया, ‘‘ यह रजत है। और वह भी टेबल टेनिस में पहली बार। भाविनाबेन को बधाई।’’

बच्चन ने कहा कि पटेल की जीत ने देश का गौरव ‘एक बार फिर’ बढ़ाया है ।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा , ‘‘तोक्यो पैरालंपिक 2021 में शानदार प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीतने पर भाविना पटेल को नमन।’’

मात्र 12 महीने की उम्र में पोलियो से संक्रमित होने वाली भाविनाबेन ने शनिवार को सेमीफाइनल में चीन की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी मियाओ झैंग को 7-11, 11-7, 11-4, 9-11, 11-8 से हराया था।

राव ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘‘ भारत.. भारत, भाविना पटेल को बधाई।’’

विकी कौशल, पूजा भट्ट और ईशान खट्टर ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल पर यह खबर साझा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)