देश की खबरें | 'पठान' के साथ शाहरुख खान की बड़े पर्दे पर वापसी को फिल्मी हस्तियों ने सराहा

मुंबई, 25 जनवरी अभिनेता शाहरुख खान ने 'पठान' की रिलीज के साथ बुधवार को बड़े पर्दे पर शानदार वापसी की और इसे उनके प्रशंसकों और फिल्म जगत के सहयोगियों ने जमकर सराहा।

शाहरुख के प्रशंसकों में शामिल कई निर्देशक और कलाकारों ने सोशल मीडिया पर फिल्म की तारीफ करते हुए उन्हें बधाई दी।

'पठान' को रिलीज के पहले दिन लोगों की जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली। शाहरुख के प्रशंसकों को इस मौके पर उनके गानों पर नाचते और झूमते हुए देखा गया।

'पठान' के गाने "बेशरम रंग" में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की पोशाक के रंग को लेकर फिल्म का बहिष्कार करने की मांग और विवाद के बीच दर्शकों और आलोचकों की शुरुआती प्रतिक्रियाओं ने हिंदी फिल्म जगत को काफी राहत दी है।

अभिनेत्री रवीना टंडन ने कहा कि वह फिल्म देखकर बेहद "प्रभावित हुईं" ।

रवीना टंडन ने ट्वीट किया, ‘‘ 'पठान' ! बेहद प्रभावित करने वाली! शानदार! शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम ने शानदार अभिनय किया है! फिल्म उद्योग को फिर से जश्न मनाने की वजह देने के लिए यशराज फिल्म्स #सिद्धार्थआनंद को धन्यवाद! ’’

इसके अलावा, निर्देशक राहुल ढोलकिया, अनुराग कश्यप, राज निदिमोरु और कृष्णा डीके के अलावा कई फिल्मी हस्तियों ने सोशल मीडिया पर फिल्म की प्रशंसा की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)