देश की खबरें | अंबाला में सड़क दुर्घटना में महिला पुलिसकर्मी की मौत

अंबाला (हरियाणा), 19 जून अंबाला शहर के पास रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में 38 वर्षीय महिला पुलिसकर्मी की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि सहायक उपनिरीक्षक सुमन कुमारी यहां के नारायणगढ़ थाने में तैनात थीं।

उन्होंने बताया कि सुमन शनिवार को अपने घर कैथल गयी थीं और वहां से वापसी में यह दुर्घटना हुई।

उन्होंने बताया कि सुमन अंबाला-नारायणगढ़ राजमार्ग पर अंबाला सिटी में गारलाना गांव पार कर रही थीं, उसी दौरान उनकी कार पेड़ से टकरा गयी। एक राहगीर ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।

ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सुमन को अंबाला शहर के सदर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पंजोखरा थाने के प्रभारी अनंत राम ने बताया कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि कार किसी अन्य वाहन की टक्कर के बाद पेड़ से टकरायी या स्वत: पेड़ से टकरायी थी।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सुमन का शव उनके परिजनों को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)