गरियाबंद (छत्तीसगढ़), आठ सितंबर छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के एक गांव में शुक्रवार को एक व्यक्ति और उसके बेटे पर हमला करने वाले तेंदुए को ग्रामीणों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर मार डाला। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
गरियाबंद वन मंडल ने वन मंडल अधिकारी मणिवासगन एस ने बताया कि आज सुबह नवागढ़ वन क्षेत्र के अंतर्गत चिवरी गांव में मादा तेंदुआ ने पिता-पुत्र को घायल कर दिया जिसके बाद ग्रामीणों ने उसपर हमला कर दिया। इस घटना में तेंदुए की मौत हो गई।
मणिवासगन ने बताया कि आज सुबह नवागढ़ वन क्षेत्र के अंतर्गत चिवरी गांव में तीन-चार वर्ष उम्र की मादा तेंदुआ एक घर में घुस गई और वहां रह रहे ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि हमले में एक व्यक्ति और उसका बेटा घायल हो गए। उनकी चीखें सुनकर अन्य ग्रामीण वहां पहुंचे और उन्होंने पिता-पुत्र को बचाने के लिए तेंदुए पर लाठियों से हमला किया। इस घटना में तेंदुए की मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
उन्होंने बताया कि घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है और उन्हें इलाज के लिए वित्तीय सहायता दी गई है।
वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि विभाग ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY