देश की खबरें | किसानों का ‘रेल रोको’ आंदोलन : उत्तर रेलवे जोन में 25 ट्रेनों के परिचालन में परिवर्तन किया गया

नयी दिल्ली, 18 फरवरी केंद्र के तीन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के ‘रेल रोको’ आह्वान के चलते उत्तर रेलवे जोन में बृहस्पतिवार को लगभग 25 ट्रेनों के परिचालन में परिवर्तन किया गया।

उत्तर रेलवे के प्रवक्ता दीपक कुमार ने कहा, ‘‘अब तक लगभग 25 ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। आंदोलन के चलते रेल सेवाओं पर न्यूनतम असर हुआ है।’’

संयुक्त किसान मोर्चा ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक देशभर में ट्रेनों को रोका जाएगा।

रेलवे ने देशभर में, खासकर पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में रेलवे पुलिस सुरक्षा बल की 20 अतिरिक्त कंपनियां तैनात की हैं।

हालांकि, किसानों के ‘रेल रोको’ आह्वान के प्रभाव का पूरा ब्योरा रेलवे ने अभी उपलब्ध नहीं कराया है, लेकिन एक अधिकारी ने कहा कि इसका प्रभाव अंबाला में देखा जा सकता है जहां बड़ी संख्या में भीड़ एकत्र हो गई।

अधिकारी ने कहा कि बताया जा रहा है कि दिल्ली के पास रेलवे स्टेशनों पर भी प्रदर्शनकारी पटरियों पर जुटे। वे गाजीपुर बॉर्डर के नजदीक मोदीनगर रेलवे स्टेशन के पास भी एकत्र हुए।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी ‘रेल रोको’ का कुछ असर दिखा जहां किसान गीता जयंती एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन पर चढ़ गए जो उस समय खड़ी हुई थी। इससे ट्रेनों के परिचालन में विलंब हुआ।

किसानों ने हरियाणा के चरखी दादरी रेलवे स्टेशन पर भी पटरियों को अवरुद्ध कर दिया। उन्होंने प्रदर्शनकारियों, पुलिसकर्मियों तथा रेलकर्मियों को जलेबी और चाय तथा खाने-पीने की अन्य चीजें वितरित कीं।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-लुधियाना-अमृतसर रेल मार्ग पर पंजाब में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारी पटरियों पर बैठ गए।

किसानों ने जालंधर में जालंधर छावनी-जम्मू रेल मार्ग तथा मोहाली जिले में रेल पटरी को अवरुद्ध कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और रेलवे पुलिस तथा राज्य पुलिस के कर्मियों की तैनाती की गई है।

उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने ट्रेनों को स्टेशनों पर रोकने का निर्णय किया जिससे कि ‘रेल रोको’ आंदोलन के दौरान यात्रियों को ज्यादा असुविधा का सामना न करना पड़े।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)