देश की खबरें | किसान नेता राजेवाल ने ईंधन की मूल्यवृद्धि को लेकर पंजाब सरकार की आलोचना की

चंडीगढ़, 13 जून किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने ईंधनों की मूल्यवद्धि को लेकर मंगलवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की यह कहते हुए आलोचना की कि उसने लोगों पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है। राज्य सरकार ने कुछ दिन पहले ईंधनों पर मूल्य वर्धित कर (वैट) बढ़ा दिया था जिससे पेट्राल के दाम 92 पैसे और डीजल के दाम 88 पैसे प्रति लीटर बढ़ गये थे।

इस साल यह दूसरी बार है कि ईंधनों के दाम बढ़ा दिये गये हैं। फरवरी में आप सरकार ने पेट्रोल एवं डीजल दोनों पर 90 प्रति लीटर का अधिभार लगाया था।

भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के प्रमुख राजेवाल ने कहा कि किसानों ने ईंधनों के दाम में की गयी वृद्धि को वापस लेने की मांग करते हुए जिला एवं उपसंभाग स्तरों पर प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपे गये।

उन्होंने कहा, ‘‘ ईंधन की दरों में वृद्धि से , केवल डीजल के मामले में (लोगों पर) प्रतिमाह 100 करोड़ रुपय का वित्तीय बोझ पड़ेगा।’’

राजेवाल ने कहा कि भारी ऋण के तले दबे किसानों को राहत पहुंचाने के बजाय राज्य सरकार ने और बोझ डाल दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘ पेट्रोलियम उत्पादों के दाम में वृद्धि से सभी उत्पादों एवं सेवाओं के मूल्य बढ़ेंगे तथा महंगाई भी बढ़ेगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)