देश की खबरें | राजस्थान के कोटा में फसल को हुए नुकसान के चलते किसान ने आत्महत्या की

कोटा, एक सितंबर राजस्थान के कोटा के एक गांव में बारिश की कमी के चलते कथित तौर पर फसल को हुए नुकसान के कारण एक किसान ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

हेड कांस्टेबल कमल राजावत ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह रामगोपाल (46) अपने खेत में गए और अपनी सोयाबीन की फसल को सूखा हुआ देखा, जिसके बाद उन्होंने अपने घर की गौशाला में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

उन्होंने कहा कि घटना के समय रामगोपाल के परिवार के सदस्य घर पर नहीं थे, क्योंकि वे रक्षा बंधन समारोह के लिए एक रिश्तेदार के घर गए थे।

राजावत ने कहा कि घर लौटने पर उन्होंने रामगोपाल को आंगन में लटका हुआ पाया और उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया रामगोपाल फसल बर्बाद होने से अवसाद में थे, इसलिए उन्होंने यह कदम उठाने का फैसला किया।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और बृहस्पतिवार शाम को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)