पथनमथिट्टा (केरल), पांच फरवरी केरल के पथनमथिट्टा में बुधवार तड़के एक बार के पास एक परिवार पर हमला करने के आरोप में उपनिरीक्षक सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
परिवार पर हमला को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजिता बेगम ने घटना में शामिल उपनिरीक्षक जिनु एस. और गश्ती दल के दो अन्य पुलिसकर्मियों को जांच लंबित रहने तक सेवा से निलंबित कर दिया है।
इससे पहले, केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने निर्दोष लोगों पर क्रूर हमला करने के लिए अपने पद का दुरुपयोग करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
उन्होंने बताया कि ऐसे पुलिस कर्मियों को सेवा में बने रहने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
सतीशन ने कहा कि पुलिस ने जिन लोगों पर क्रूर हमला किया है, उनकी शिकायतों की उचित जांच की जानी चाहिए।
पुलिस ने बताया कि पुलिस दल ने ‘गलत पहचान’ के कारण बार के सामने एक परिवार पर हमला किया, जिससे तीन सदस्य घायल हो गए।
बार के प्रबंधक ने पुलिस में शिकायत की थी कि कुछ लोग वहां उपद्रव कर रहे हैं जिसके बाद पुलिस का एक गश्ती वाहन बार पहुंचा और वहां स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
घायल व्यक्तियों ने संवाददाताओं को बताया कि पुलिस की टीम ने कथित तौर पर बार के आसपास मौजूद सभी लोगों की पिटाई की, जिसमें वह परिवार भी शामिल था जिसकी गाड़ी वहां खड़ी थी।
सूत्रों ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्य गाड़ी से बाहर आ गए थे, जिन्हें डराने के लिए कथित तौर पर पीटा गया। घायलों में एक महिला भी शामिल है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पथनमथिट्टा जिला सचिव राजू अब्राहम समेत कई नेताओं ने परिवार पर हमले की निंदा की और इसमें शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता और पथनमथिट्टा के सांसद एंटो एंटनी ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से पथनमथिट्टा जिले में ‘पूरी तरह अराजकता’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में अपराध रोकने में विफल रही पुलिस अब अपराध करने वाली बन गई है। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पथनमथिट्टा के पुलिस उपाधीक्षक एस. नंदकुमार ने घटना की जांच के तहत पुलिसकर्मियों और घायल व्यक्तियों का बयान लिया।
सूत्रों ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक वी जी विनोद कुमार ने बाद में डीआईजी अजिता बेगम को एक रिपोर्ट सौंपी, जिसके बाद निलंबन का आदेश जारी किया गया।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY