देश की खबरें | मुंबई में मेट्रो रेल निर्माण से जुड़े विस्फोट के कारण मंत्रालय परिसर में गिरे पत्थर

मुंबई, 31 अगस्त दक्षिण मुंबई में भूमिगत मेट्रो की लाइन-3 के निर्माण कार्य के दौरान बृहस्पतिवार को कुछ विस्फोट किए गए, जिसके कारण मंत्रालय (महाराष्ट्र राज्य सचिवालय) के परिसर में खड़े कुछ वाहनों पर पत्थर गिरे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि एक पत्थर मंत्रालय की खिड़की पर भी लगा। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

मुंबई मेट्रो रेल निगम (एमएमआरसी) ने कहा कि वह मंत्रालय के नजदीक विस्फोटक गतिविधियां रोक रही है।

मरीन ड्राइव पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि घटना के सिलसिले में लापरवाही का मामला दर्ज किया जाएगा।

एक अधिकारी के मुताबिक विस्फोट, संभवतः सुरंग खोदने के काम का हिस्सा था, जिसके परिणामस्वरूप पत्थर सचिवालय परिसर में खड़े वाहनों के साथ-साथ एक मंत्री के कक्ष की खिड़की पर भी गिरे।

यह भूमिगत मेट्रो लाइन दक्षिण मुंबई के कोलाबा से अंधेरी के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक बनाई जा रही है और इसके स्टेशनों में बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स और सांताक्रूज़ इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात प्रसंस्करण क्षेत्र (एसईईपीजेड) भी शामिल होंगे।

एमएमआरसी ने एक बयान में कहा, ‘‘भारी पत्थर तोड़ने के लिए विस्फोट का काम काफी समय से बिना किसी दिक्कत के जारी है। हालांकि, आज इस काम के दौरान मंत्रालय की कुछ खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हम आश्वस्त करते हैं कि एमएमआरसी अपना काम पूरी तत्परता से करता है। हम काम की समीक्षा करेंगे। तब तक, हम मंत्रालय के पास सबवे पर नियंत्रित विस्फोट कार्य रोक रहे हैं और कारणों का अध्ययन करने और सुधारात्मक कार्रवाई करने के बाद ही काम फिर से शुरू किया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)