कोलकाता, 20 मई पश्चिम बंगाल में पूर्वी मेदिनीपुर जिले के एगरा क्षेत्र में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट में घायल एक और व्यक्ति की मौत के बाद जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 80 फीसदी झुलस चुका रवींद्रनाथ मैती सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती था, जिसने शुक्रवार को दम तोड़ दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ वह गंभीर रूप से झुलस गया था। यहां लाए जाने के बाद से उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और कल शाम उसकी मौत हो गई।’’
उन्होंने बताया कि विस्फोट में घायल पिंकी मैती का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत ‘‘बेहद नाजुक’’ है।
मुख्य आरोपी एवं अवैध पटाखा निर्माण इकाई के मालिक कालीपाड़ा उर्फ भानु बाग ने ओडिशा के कटक में एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। वह 16 मई को विस्फोट के तुरंत बाद मौके से भाग निकला था।
पश्चिम बंगाल के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने बृहस्पतिवार को भानु बाग को गिरफ्तार किया था। विस्फोट के तुरंत बाद ही गत मंगलवार को नौ लोगों की मौत हो गई थी।
पश्चिम बंगाल का अपराध जांच विभाग (सीआईडी) एगरा इलाके में हुए विस्फोट की जांच कर रहा है। ओडिशा से मुख्य आरोपी और दो अन्य लोगों के अलावा मामले में अभी तक कम से कम नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल सरकार को नोटिस जारी कर चार सप्ताह के भीतर विस्फोट पर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY