एजेंसी न्यूज

दिल्ली में तीन जनवरी तक शीत लहर का प्रकोप बढ़ने का अनुमान

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार से शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिसके तीन जनवरी तक जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दिल्ली में तीन जनवरी तक शीत लहर का प्रकोप बढ़ने का अनुमान
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर : राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार से शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है, जिसके तीन जनवरी तक जारी रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. दिल्ली के आयानगर और नरेला के स्वचालित मौसम केन्द्रों में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 डिग्री सेल्सियस और 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मैदानी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहने पर शीत लहर की घोषणा करता है. न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम तथा सामान्य से 4.5 डिग्री कम रहने पर भी शीत लहर की घोषणा की जाती है. दिल्ली में इससे पहले 20 और 21 दिसंबर को शीत लहर का प्रकोप था जब न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. यह इस मौसम का सबसे कम तापमान था. इसके बाद, लगातार दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव और उत्तर पश्चिम हवाओं के धीमा पड़ने से धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान बढ़कर 9.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था. यह भी पढ़ें : Election Commission PC: यूपी के सभी दलों ने की समय पर चुनाव की मांग, बुजुर्गों और दिव्यांनगो को घर से वोट करने की सुविधा

आईएमडी ने तीन जनवरी तक शीत लहर से भीषण शीत लहर की स्थिति रहने का अनुमान लगाया है. न्यूनतम तापमान के दो डिग्री सेल्सियस तक जाने या तापमान के सामान्य से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किए जाने पर ‘‘भीषण’’ शीत लहर की घोषणा की जाती है. मौसम विभाग ने सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण चार जनवरी से न्यूनतम तापमान में वृद्धि का अनुमान जताया है, जिसके कारण चार से सात जनवरी के बीच जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा और बर्फबारी हो सकती है. इसके साथ ही पांच से सात जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम और कुछ जगह तेज बारिश होने का भी अनुमान है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 30, 2021 12:07 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).