पंजाब के आबकारी विभाग ने पिछले तीन साल में राजस्व का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया: कांग्रेस सांसद बाजवा
बाजवा ने पार्टी नीत राज्य सरकार के उस दावे को खारिज किया जिसमें आबकारी से प्राप्त राजस्व में वृद्धि की बात कही गई थी।
चंडीगढ़, 19 मई कांग्रेस सांसद प्रताप सिंह बाजवा ने मंगलवार को कहा कि पिछले तीन साल में पंजाब के आबकारी और कर विभाग ने राजस्व वसूली का लक्ष्य प्राप्त नहीं किया।
बाजवा ने पार्टी नीत राज्य सरकार के उस दावे को खारिज किया जिसमें आबकारी से प्राप्त राजस्व में वृद्धि की बात कही गई थी।
राजस्व में हुई हानि के लिए राज्य में शराब की तस्करी और शराब माफिया को जिम्मेदार ठहराते हुए राज्य सभा सदस्य बाजवा ने मामले की जांच केंद्र सरकार की एजेंसी या किसी वर्तमान न्यायाधीश से करवाने की मांग की।
राज्य का आबकारी और कर विभाग मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पास है।
विभाग ने 15 मई को कहा था कि अमरिंदर सिंह के 2017 में सत्ता में आने के बाद राजस्व में पहले से अधिक वृद्धि देखी गई है।
विभाग ने यह भी कहा था कि कोविड-19 के कारण लागू लॉकडाउन के समय को छोड़कर वित्तीय वर्ष 2019-20 के दौरान उसे राजस्व में कोई हानि नहीं हुई।
पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बाजवा ने मंगलवार को राजस्व के मुद्दे पर राज्य में अपनी पार्टी की सरकार पर हमला करते हुए ट्वीट किया।
बाजवा ने मुख्यमंत्री से पूछा कि जब सरकार के खुद के खातों में आबकारी से प्राप्त राजस्व का लक्ष्य नहीं पाने की बात दिखती है तो मुख्यमंत्री ने इसे सार्वजनिक तौर पर गलत कैसे करार दे दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 20, 2020 12:05 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

