मुंबई, 21 जून मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि और बेटे आदित्य ठाकरे के सुरक्षा काफिले से अतिरिक्त वाहन हटा लिए हैं। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
शिवसेना (यूबीटी) के एक अधिकारी ने दावा किया कि उपनगर बांद्रा में स्थित ठाकरे परिवार के आवास ‘मातोश्री’ के बाहर भी सुरक्षाकर्मियों की तादाद कम कर दी गई है, लेकिन पुलिस ने कहा कि सुरक्षा प्राप्त किसी भी व्यक्ति की सुरक्षा का स्तर कम नहीं किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनकी पत्नी रश्मि और बेटे एवं पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे के सुरक्षा काफिले के लिए एक-एक अतिरिक्त गाड़ी उपलब्ध कराई थी।
उन्होंने बताया कि इन अतिरिक्त गाड़ियों को हटा लिया गया है। हालांकि उन्होंने ऐसा करने का कोई कारण नहीं बताया है।
उद्धव ठाकरे को ‘ज़ेड प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है जबकि उनके बेटे आदित्य ठाकरे को ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।
पुलिस ने एक बयान में साफ किया कि मुंबई पुलिस के तहत आने वाले क्षेत्र में रहने वाले सुरक्षा प्राप्त किसी भी व्यक्ति की सुरक्षा को ना तो वापस ली गयी है और ना ही उसका स्तर कम किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY