सिलीगुड़ी, 17 सितंबर केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की विदेश यात्रा के बावजूद कोई भी बड़ा उद्योग तृणमूल कांग्रेस सरकार के शासनकाल में राज्य में नहीं आया है।
उनकी टिप्पणी ऐसे समय में आयी है, जब बनर्जी स्पेन और दुबई की यात्रा पर हैं। वह (बनर्जी) राज्य में निवेश आकर्षित करने के वास्ते वहां विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत कर रही हैं।
गृह एवं युवा मामले और खेल राज्यमंत्री प्रमाणिक ने आरोप लगाया कि व्यापारिक कार्यक्रमों के आयोजन एवं ऐसी विदेश यात्राओं पर ‘करोड़ों रुपये खर्च कर दिये गये’ लेकिन राज्य में ‘‘कोई नया उद्योग नहीं आ रहा है।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘दार्जिलिंग को लोकप्रिय वैश्विक पर्यटन स्थल स्विट्जरलैंड के रूप में नहीं तब्दील किया गया है.. मुख्यमंत्री नियमित यात्रा के तहत स्पेन गयी हैं। राजकीय व्यापारिक कार्यक्रमों के आयोजन एवं ऐसी यात्राओं पर करोड़ों रुपये खर्च किये जा रहे हैं, लेकिन कोई नया उद्योग नहीं आ रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसकी जगह, कई बड़ी इकाइयां हाल में बंद हो गई हैं।’’
अगला बंगाल वैश्विक व्यापारिक सम्मेलन नवंबर में होगा।
प्रमाणिक ने कहा कि राज्य में अधिक उद्योग लगाये जाने के वास्ते बुनियादी ढांचा विकसित किया जाना चाहिए तथा कानून व्यवस्था की स्थिति में सुधार होना चाहिए, ताकि निवेशकों में सुरक्षाबोध पैदा हो।
वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की शुरुआत किये जाने के मौके पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY