तिरुवनंतपुरम, 23 जून केरल विधानसभा की विशेषाधिकार एवं आचार समिति ने पिछले सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ए. एन. शमसीर के कार्यालय के बाहर कांग्रेस-नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) के सदस्यों द्वारा किये गये विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में यूडीएफ के छह विधायकों से स्पष्टीकरण मांगा है।
विधानसभा सूत्रों के मुताबिक, समिति ने रोजी एम जॉन, टी.जे. सनीश कुमार जोसेफ, टी. सिद्दीक, अनवर सदाथ, ए.के.एम. अशरफ और मैथ्यू कुझालनदान को नोटिस जारी किये।
यूडीएफ के इन सदस्यों के खिलाफ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक वी.के. प्रशांत की ओर से दर्ज विशेषाधिकार हनन की शिकायत के आधार पर नोटिस जारी किये गये हैं।
शिकायत में वामपंथी विधायक ने आरोप लगाया था कि विपक्षी विधायकों ने अनुचित तरीके से विरोध किया और सदन के मार्शल को उनकी ड्यूटी करने से रोका।
अध्यक्ष ने इस मामले की जांच करने और संबंधित रिपोर्ट पेश करने के लिए समिति को कहा था।
समिति ने 11 जून को हुई बैठक में उन छह यूडीएफ विधायकों से स्पष्टीकरण मांगने का फैसला किया, जिनके नाम प्रशांत की शिकायत में उल्लिखित थे।
हाल के एक पत्र में, विधानसभा सचिवालय ने विधायकों से अनुरोध किया है कि वे समिति के समक्ष जल्द से जल्द इस मामले पर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY