नयी दिल्ली, 19 मई केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को विदेशी कंपनियों को भारत के पेट्रो रसायन उद्योग में निवेश के लिये आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में व्यापार के काफी अवसर हैं।
मांडविया ने ‘एशिया पेट्रो रसायन उद्योग सम्मेलन 2023’ को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार किसान हितैषी, गरीब हितैषी होने के साथ-साथ उद्योग समर्थक भी है।
उन्होंने कहा कि सरकार रसायन एवं पेट्रो रसायन क्षेत्र में घरेलू और विदेशी कंपनियों से निवेश आकर्षित करने को लेकर दीर्घकालिक नीतियां बना रही है।
मंत्री ने उद्योग जगत को पर्यावरण अनुकूल विकास के लिए पुनर्चक्रण का मार्ग अपनाने के लिए कहा।
मांडविया ने कहा, “भारत वैश्विक स्तर पर पेट्रो रसायन का नया गंतव्य बनने की ओर अग्रसर है। अपनी कारोबार-अनुकूल नीतियों के कारण भारत को दुनिया एक विश्वसनीय भागीदार और निवेश के लिए प्राथमिक गंतव्य के रूप में देखती है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय रसायन विनिर्माण उद्योग वास्तव में पेट्रो रसायन के लिए उभरते हुए वैश्विक विनिर्माण केंद्रों में से एक रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, “आज, भारत व्यापार सुगमता को बढ़ावा दे रहा है। सरकारी हस्तक्षेप को कम करके और कंपनी कर में कमी, अनुपालन बोझ में कमी तथा नीतिगत परिवर्तनों जैसे विभिन्न अन्य उपायों के माध्यम से भारत सरकार ने वास्तव उद्योग के अनुकूल कदम उठाया है।”
मंत्री ने कहा कि भारत रसायनों और पेट्रो रसायनों की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में दुनिया में एक विश्वसनीय भागीदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है।
मांडविया ने जोर देकर कहा कि इतनी बड़ी आबादी वाले भारत में निवेश करने का यह सबसे अच्छा समय है।
उन्होंने कहा, “भारत निवेश करन के लिए अपने आप में बड़ा बाजार है। हम कई देशों से मुक्त व्यापार समझौता करने के रास्ते निकाल रहे हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY