खेल की खबरें | भारतीय महिला हॉकी टीम को इंग्लैंड ने 3 . 1 से हराया

बर्मिंघम, दो अगस्त भारतीय महिला हॉकी टीम के जीत के सिलसिले को तोड़ते हुए इंग्लैंड ने राष्ट्रमंडल खेलों के पूल ए के लीग मैच में मंगलवार को उसे 3 . 1 से हरा दिया ।

पहले मैच में घाना को 5 . 0 और दूसरे में वेल्स को 3 . 1 से हराने वाले वाली भारतीय टीम उस लय को कायम नहीं रख सकी । विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज इंग्लैंड टीम नौवीं रैंकिंग वाली भारतीय टीम पर भारी पड़ी ।

इससे पहले इंग्लैंड पुरूष टीम ने तीन गोल से पिछड़ने के बाद कल भारतीय पुरूष टीम को 4. 4 से ड्रॉ पर रोक दिया था ।

इंग्लैंड ने पहले , तीसरे और चौथे क्वार्टर में एक एक गोल किया जबकि भारतीय टीम एकमात्र गोल आखिरी क्वार्टर में कर सकी ।

इंग्लैंड के लिये हन्ना मार्टिन, टेस हॉवर्ड और जिसेले एंसले ने गोल किये जबकि भारत के लिये इकलौता गोल वंदना कटारिया ने दागा ।

भारत को पूल ए के आखिरी लीग मैच में कल कनाडा से खेलना है ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)