एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक महिला समेत दो नक्सली ढेर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली समेत दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक महिला समेत दो नक्सली ढेर

सुकमा, एक मार्च छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली समेत दो नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुण्डराजगुडे़म गांव के जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक महिला नक्सली समेत दो नक्सलियों को मार गिराया है।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को किस्टाराम थाना क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुकमा जिले के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन के दल को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह लगभग नौ बजे से गुण्डराजगुडे़म गांव के जंगल में सुकमा डीआरजी और माओवादियों के बीच रुक-रुक कई बार मुठभेड़ हुई।

उन्होंने बताया कि जब सुरक्षाबलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां एक महिला नक्सली समेत दो वर्दीधारी नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किया गया। शवों की पहचान कराई जा रही है।

बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि इस वर्ष बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान 67 नक्सलियों को मार गिराया गया है।

सुंदरराज ने कहा है कि माओवादियों के संगठन के पास अब हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है इसलिए माओवादी संगठन से अपील है कि वे तत्काल हिंसात्मक गतिविधियों को छोड़कर समाज की मुख्य धारा में जुडे़ अन्यथा परिणाम भुगतने को तैयार रहें।

सुकमा जिले के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि मुठभेड़ स्थल पर खून के धब्बे और घसीटने के निशान मिले हैं। इससे कई अन्य माओवादियों के मारे जाने और घायल होने की संभावना है। क्षेत्र में खोजी अभियान जारी है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुठभेड़ में मिली सफलता के लिए सुरक्षाबलों की सराहना की है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने इस उपलब्धि के लिए सुरक्षाबलों के अदम्य साहस, निष्ठा और प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में 'डबल इंजन' की सरकार बनी है, नक्सलवाद के खात्मे के लिए चलाए जा रहे अभियान को नयी गति और दिशा मिली है। यह लड़ाई अब अपने निर्णायक चरण में है।

अधिकारियों ने बताया कि विगत 13 माह में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के तहत 300 से अधिक नक्सली मारे गए, 985 से अधिक नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया और 1,177 नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं।

साय ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद का संपूर्ण रूप से अंत किया जाएगा। राज्य सरकार और सुरक्षाबलों की संयुक्त रणनीति से नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार किया जा रहा है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक नक्सलवाद की समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाती।''

उन्होंने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार शांति, सुरक्षा और विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है, यह सफलता इसी दृढ़ संकल्प का प्रमाण है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 01, 2025 10:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).